
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात में करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के वक्त परिवार पिता के निधन के बाद श्राद्ध कर्म में शामिल होने बिहार के सिवान गया हुआ था।
बताया गया कि गोलपहाड़ी नया बस्ती निवासी रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को निधन हो गया था। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म में शामिल होने पैतृक गांव सिवान चला गया। घर पर ताला लगा हुआ था। रविवार को परिवार छपरा-टाटानगर ट्रेन से जमशेदपुर वापस लौटा।
घर पहुंचने पर बाहर का मुख्य गेट बंद मिला, लेकिन अंदर जाने के बाद परिवार के होश उड़ गए। कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारी भी क्षतिग्रस्त मिली। जांच करने पर अलमारी में रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपये नकद गायब मिले।
चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरी की इस वारदात का खुलासा किया जा सके।
परिवार के घर से बाहर रहने की जानकारी चोरों को कैसे मिली और वारदात में कितने लोग शामिल थे, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।




