July 26, 2026

छात्र आंदोलन में जान गंवाने वाले छात्र के परिवार को मिले एक करोड़: सिराज

गढ़वा में युवाओं के हितों की रक्षा, परीक्षा एवं नियुक्ति प्रणाली में व्यापक सुधार तथा हाल के छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी की ओर से रैली निकाली गयी. रैली गढ़वा शहर के मझिआंव मोड़ से रंका मोड़ होते हुए अंबेडकर चौक तक गयी. जहां रैली सभा में तब्दील हो गयी. इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव सिराज खान ने कहा कि आज देश का युवा शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और रोजगार के अवसरों को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है। हाल की घटनाओं और छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई ने भी कई सवाल खड़े किए हैं. लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की आवाज सुनना और उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए. आंदोलन से संबंधित परिस्थितियों में जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिवार को 1 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जानी चाहिए। पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए. आंदोलन में शामिल छात्रों पर कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाये. शिक्षा माफिया एवं पेपर लीक गिरोह के विरूद्ध सख्त एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। पुलिस के पास सादे कपड़ों में मौजूद लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए। उन्हें पुलिस हेलमेट और डंडे किस आधार पर उपलब्ध कराए गए? पुलिस कर्मियों के पास कथित तौर पर मौजूद एक किलो वजनी लाठियों के इस्तेमाल की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। भविष्य में सभी पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की वर्दी पर स्पष्ट और दिखने वाली नेम प्लेट अनिवार्य की जानी चाहिए। इस मौके पर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष ललित राम, आजाद समाज पार्टी के प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार रवि, उपाध्यक्ष बुचुन राम, प्रखंड अध्यक्ष सोनू कुमार, रोहित कुमार, जिला संगठन सचिव प्रवीण कुमार, दिनेश राम, भीम आर्मी के प्रखंड अध्यक्ष बादल कुमार, नंदलाल राम नियाज खान, तौकीर खान, राजू कुमार रवि, अजीत कुमार, सचिन कुमार, प्रिंस कुमार, राकेश कुमार, गोलू कुमार रवि, शिवराम समेत कई लोग मौजूद थे.

Source link

ख़बर को शेयर करें।