
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद क्षेत्र से रिश्तों से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक महिला अपने पति के साथ-साथ अपने प्रेमी के साथ भी एक ही छत के नीचे रहना चाहती है। हैरानी की बात यह है कि महिला के पति ने भी उसकी इस इच्छा पर सहमति जताई है। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्य इस रिश्ते के पक्ष में नहीं हैं।
मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। महिला अपने पति और प्रेमी के साथ थाने पहुंच गई। तीनों ने कोतवाल साहब को एक प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें बताया कि वह तीनों एक साथ रहना चाहते है। तीनों को कोई समस्या नहीं है। महिला का कहना है कि, ‘दिन में पति ड्यूटी जाते हैं, तो प्रेमी मेरे साथ रहेगा। नाइट में मेरा प्रेमी ड्यूटी करता है, तब पति साथ रहेगा।’ अब कोतवाल साहब माथा पकड़कर बैठे हैं।
यहां शुभम वर्मा, उनकी पत्नी अंजू और नितिन विश्वकर्मा के रिश्ते को लेकर परिवार में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। बताया गया कि अंजू अपने पति शुभम के साथ-साथ नितिन को भी अपने साथ रखना चाहती है। इसी बात को लेकर परिवार के लोगों ने विरोध जताया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। मामला सामने आने के बाद महमूदाबाद कोतवाली में तीनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चला। पुलिस और परिवार के लोगों ने मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन अंजू अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं है।
महिला का कहना है कि वह अपने पति और नितिन, दोनों के साथ रहना चाहती है। उसके मुताबिक दोनों परिवारों के कुछ लोगों को पहले से ही उसके और नितिन के रिश्ते की जानकारी है। इसके बावजूद परिवार के लोग इस व्यवस्था को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा शुभम के रुख को लेकर हो रही है। बताया जा रहा है कि शुभम ने अपनी पत्नी अंजू और नितिन, दोनों के साथ रहने पर सहमति जताई है। दंपती के दो बच्चे भी हैं और उन्हें भी अपने साथ रखने की बात कही गई है।
शुभम के अनुसार, नितिन पहले से ही उनके घर आता-जाता रहा है और वह उसे भाई की तरह मानता रहा है। शुभम का कहना है कि यदि परिस्थितियां ऐसी बनती हैं तो वह घर छोड़ने तक को तैयार है, लेकिन पत्नी और नितिन के साथ को खत्म करने के लिए तैयार नहीं है।
अंजू भी अपने फैसले को लेकर स्पष्ट बताई जा रही है। उसका कहना है कि उसे पति और नितिन दोनों के साथ रहने से रोका नहीं जाए। वह दोनों में से किसी एक का साथ छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
महिला की इसी जिद के कारण मामला और पेचीदा हो गया है। एक तरफ परिवार के सदस्य इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पति, पत्नी और नितिन अपनी इच्छा पर कायम बताए जा रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आने के बाद महमूदाबाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। लोग पति-पत्नी और प्रेमी के बीच बने इस असामान्य रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
फिलहाल परिवार और पुलिस की ओर से मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है। तीनों की इच्छा और परिवार के विरोध के बीच अब समाधान किस तरह निकलता है, यह देखने वाली बात होगी। मामले में किसी कानूनी निष्कर्ष या कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।







