---Advertisement---

पत्नी ने दो बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति की बेरहमी से की हत्या, फिर शव के टुकड़े कर लगाया ठिकाने; ऐसे सामने आई सच्चाई

On: December 22, 2025 4:20 PM
---Advertisement---

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। यह मामला मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की याद दिलाता है, जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने दो बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर सोते वक्त जूता कारोबारी पति की हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद सिर, धड़ और दोनों हाथों को अलग-अलग कर दिया। फिर पॉलिथीन में धड़ और एक हाथ भरकर घर से कुछ दूरी पर स्थित नाले के पास फेंक दिए। 27 दिन बाद उसी नाले के पास उसका सड़ा-गला शव मिला।


मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मृतक की 10 वर्षीय बेटी ने पुलिस के सामने ऐसे खुलासे किए हैं, जो इस हत्याकांड की सबसे मजबूत कड़ी बनकर उभरे हैं। बच्ची ने साफ शब्दों में कहा है, मेरे पापा को मम्मी और उन दो अंकलों ने मारा है।


नाले से मिले शव के टुकड़े


15 दिसंबर की सुबह संभल के पतरौआ रोड स्थित ईदगाह के पास एक नाले में एक युवक का टुकड़ों में कटा शव बरामद हुआ। शव से सिर और कुछ अंग गायब थे, लेकिन एक बाजू मिला, जिस पर ‘राहुल’ नाम गुदा हुआ था। इसी टैटू के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की।


शव की पहचान रजपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा गंवा निवासी 40 वर्षीय राहुल के रूप में हुई। जांच में पता चला कि राहुल 18 नवंबर से लापता था। उसकी पत्नी रूबी ने 24 नवंबर को कोतवाली चंदौसी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


पत्नी की भूमिका शुरू से संदिग्ध


गुमशुदगी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस को पत्नी रूबी की भूमिका पर शक था। पुलिस ने गांव और परिवार वालों से पूछताछ की। पूछताछ में महिला के अफेयर की जानकारी सामने आई। जांच आगे बढ़ी तो शक और गहराता चला गया। जब पुलिस ने रूबी को बुलाकर पूछताछ की, तो उसने पहले शव को पहचानने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने दोनों बॉयफ्रेंड के नाम बता दिए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। तीनों से अलग-अलग पूछताछ की गई, लेकिन सबके बयान अलग थे। फिर तीनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। महिला ने पूछताछ में बताया है कि 18 नवंबर की रात अपने दोनों प्रेमियों को घर बुलाकर सोते हुए पति की हत्या कर दी। इसके बाद शव को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगह फेंक दिया। पकड़े जाने के डर से 24 नवंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

रविवार को पुलिस ने दोबारा राहुल के घर पर छापा मारा, जहां से स्कूटी, बैग, शौचालय साफ करने वाला ब्रश, लोहे की रॉड और एक बिजली का हीटर बरामद किया गया।


पुलिस को आशंका है कि इन्हीं औजारों का इस्तेमाल कर राहुल की हत्या की गई और बाद में शव के कई टुकड़े कर उन्हें ठिकाने लगाया गया। फिलहाल पुलिस को मृतक के सिर, हाथ और पैरों की तलाश है।


बेटी के बयान ने खोले कई राज


इस पूरे मामले में मृतक की 10 वर्षीय बेटी का बयान बेहद अहम साबित हुआ है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। उसने बताया कि गौरव और अभिषेक नाम के दो युवक अक्सर उनके घर आते थे और उन्हें चॉकलेट लाकर देते थे।


बच्ची के मुताबिक, पापा के घर पर न होने पर ये युवक उसकी मां से मिलते थे। उसने यह भी बताया कि गौरव अक्सर उसकी मां से कहता था, बस कुछ महीनों की बात है, फिर तुम मेरी हो जाओगी।


बच्चों को कमरे से बाहर भेजा जाता था


मासूम बच्ची ने पुलिस को बताया कि जब भी ये लोग घर आते थे, उसे और उसके भाई को किसी न किसी बहाने कमरे से बाहर भेज दिया जाता था। जिस दिन राहुल की हत्या हुई, उस दिन दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। बच्ची ने यह भी बताया कि जब वह और उसका भाई इन लोगों के घर आने का विरोध करते थे, तो उनकी मां उन्हें धमकाया करती थी।


पुलिस के सामने बयान देते हुए बच्ची भावुक हो गई। उसने साफ कहा कि उसकी मां और दोनों आरोपी उसके पिता की हत्या के जिम्मेदार हैं और सभी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बच्ची का बयान पुलिस के लिए इस केस की सबसे मजबूत कड़ी माना जा रहा है।


तीन आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी


फिलहाल पुलिस, पत्नी रूबी और उसके दोनों बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और बाकी शव के हिस्सों को भी बरामद करने का प्रयास जारी है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now