
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र को लेकर श्री बंशीधर नगर में भक्तिमय माहौल है। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है। शहर के चचेरिया स्थित अंबालाल पटेल बालिका उच्च विद्यालय परिसर में नवयुवक क्लब की ओर से बनाया गया भव्य पूजा पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे पंडाल में मां का पट खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
क्लब की ओर से इस बार लगभग 45 फीट ऊंचा पंडाल बनाया गया है। पंडाल के मुख्य द्वार को आकर्षक रूप दिया गया है। प्रवेश द्वार पर झरने की आकृति तैयार की गई है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होने के साथ सेल्फी प्वाइंट भी बना हुआ है। पंडाल की सजावट और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झलक श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।

1967 से चली आ रही है पूजा की परंपरा
नवयुवक क्लब की स्थापना वर्ष 1967 में हुई थी। स्थापना के समय से ही क्लब की ओर से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस तरह क्लब मां दुर्गा की आराधना की परंपरा को करीब 59 वर्षों से आगे बढ़ा रहा है। शुरुआती दिनों में सीमित संसाधनों के बीच पूजा का आयोजन होता था। उस समय पूरी पूजा संपन्न कराने में लगभग चार से पांच हजार रुपये खर्च होते थे। समय के साथ आयोजन का विस्तार हुआ और अब पूजा पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। हालांकि, आयोजन भव्य होने के बावजूद मां दुर्गा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह पहले की तरह बना हुआ है।
विजयादशमी के दिन पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। क्लब की ओर से प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा के साथ रावण दहन का आयोजन भी किया जाता है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
पूजा पर खर्च होंगे तीन से चार लाख रुपये : कमलेश मेहता
नवयुवक क्लब के अध्यक्ष कमलेश मेहता ने बताया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा के आयोजन पर लगभग तीन से चार लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अकेले पंडाल निर्माण पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास द्वार, सुरक्षा व्यवस्था और साउंड सिस्टम की तैयारी की गई है।
उन्होंने बताया कि अष्टमी के दिन डांडिया-गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। नवमी को महाप्रसाद का वितरण होगा। वहीं, विजयादशमी के दिन गोसाईबाग मैदान में रावण दहन किया जाएगा। इसमें क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव मुख्य अतिथि और मानवेंद्र प्रताप देव उर्फ मन्नू बाबा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश : अजय प्रसाद
क्लब के पूर्व अध्यक्ष अजय प्रसाद मुखिया ने कहा कि वर्ष 1967 में क्लब की स्थापना के समय पूजा का आयोजन छोटे स्तर पर होता था। उस समय चार से पांच हजार रुपये में पूजा संपन्न हो जाती थी। आज आयोजन का बजट लाखों रुपये तक पहुंच गया है, लेकिन मां दुर्गा के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह पहले की तरह कायम है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों का सहयोग और श्रद्धालुओं की भागीदारी ही इस परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रही है।

संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाना उद्देश्य : सौरभ कुमार
क्लब के सचिव सौरभ कुमार ने बताया कि नवयुवक क्लब की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और वर्षों से चली आ रही परंपरा है। क्लब धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाने का प्रयास करता है। प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं के लिए कुछ नया करने की कोशिश की जाती है। इस बार मां दुर्गा के नौ स्वरूपों पर आधारित पंडाल इसी प्रयास का हिस्सा है। डांडिया-गरबा और रावण दहन जैसे कार्यक्रम लोगों को एक मंच पर लाते हैं। क्लब का उद्देश्य श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराना है।
जनसहयोग से सफल होता है आयोजन : रणधीश कुमार
क्लब के उपाध्यक्ष रणधीश कुमार ने कहा कि शुरुआती दौर में दुर्गा पूजा का आयोजन छोटे स्तर पर होता था, लेकिन आज इसका स्वरूप काफी विस्तृत हो गया है। इसके बावजूद भक्तों की आस्था, समाज के सभी वर्गों का सहयोग और आपसी एकता ही क्लब की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि आयोजन में पारदर्शिता और सेवा भाव को प्राथमिकता दी जाती है।
क्लब के कोषाध्यक्ष शुभम जायसवाल ने बताया कि दुर्गा पूजा के आयोजन में शहरवासियों और शुभचिंतकों का लगातार सहयोग मिलता है। जनसहयोग और श्रद्धालुओं की आस्था से आयोजन सफल होता है। क्लब के सभी सदस्य मिलकर पूजा की व्यवस्था में जुटे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना समिति की प्राथमिकता है।
आयोजन में जुटे हैं क्लब के सदस्य
दुर्गा पूजा को सफल बनाने में नवयुवक क्लब के कई सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें पूर्व अध्यक्ष अश्विनी कुमार, पूर्व कोषाध्यक्ष विनय प्रसाद मुखिया, चितरंजन विश्वकर्मा, अनूप विश्वकर्मा, सुदामा प्रसाद, लाला पासवान, अमर कुमार, सूचना मंत्री ठाकुर सत्यजीत राज,शुभम प्रकाश गट्टू, अभय कुमार, मिक्की जायसवाल, राजू मेहता,अजीत कुमार मणि,मनीष कमलापुरी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। सभी सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा की व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं।






