
संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देना जरूरी : विधायक
शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शहर के बस स्टैंड स्थित सब्जी बाजार में जय भामा शाह क्लब की ओर से तीन दिवसीय डांडिया नाइट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मां दुर्गा की आराधना और भक्तिमय गीतों के बीच पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा।कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, नपं उपाध्यक्ष संध्या देवी एवं थाना प्रभारी अविनाश राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की आरती और मां की भक्तिपूर्ण गीतों से हुई। इसके बाद डांडिया – गरबा नृत्य का सिलसिला शुरू हुआ,जो देर रात तक चलता रहा। तीन दिवसीय डांडिया नाइट में सैकड़ों युवतियों एवं महिलाओं ने भाग लिया। बच्चों के माता रानी के प्रति श्रद्धा और समर्पण का भाव देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने डांडिया नृत्य कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर विधायक अनंत प्रताप देव उर्फ छोटे राजा ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर जय भामाशाह क्लब की ओर से डांडिया नाइट का आयोजन सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रमों से धार्मिक आस्था के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिलता है। डांडिया और गरबा नृत्य नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की आराधना से जुड़े महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन हैं। इनके माध्यम से लोग अपनी परंपराओं से जुड़ते हैं और आपसी मेल-जोल को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में उत्साह और एकता का वातावरण बनता है। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सभी वर्गों की भागीदारी समाज को जोड़ने का काम करती है।
भारतीय संस्कृति की पहचान हैं डांडिया और गरबा : भोलू
जय भामाशाह क्लब के अध्यक्ष रजनीकांत माधुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डांडिया नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गरबा और डांडिया केवल नृत्य नहीं, बल्कि मां दुर्गा की आराधना और भक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक परंपराएं हैं। नवरात्र के दौरान इन आयोजनों के माध्यम से लोग अपनी संस्कृति से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि आज के समय में पारंपरिक सांस्कृतिक आयोजनों को आगे बढ़ाना जरूरी है। क्लब का प्रयास है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराया जाए तथा समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत किया जाए।
डांडिया खेलने वालों में सैकड़ों महिलाओं एवं युवतियों ने डांडिया नाइट में भाग लिया। महिलाओं के इस कार्यक्रम में पुलिस की भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही। संध्या महाआरती समाप्त होने के बाद शुरू हुआ डांडिया नाइट देर रात तक चला। दर्शक के रूप में बड़ी संख्या में लोग भी देर रात तक डटे रहे तथा डांडिया नाइट का लुत्फ उठाया। इस मौके पर संरक्षक भरत भूषण प्रसाद,कामेश्वर प्रसाद,अशोक जायसवाल,ओम प्रकाश गुप्ता,अमित कुमार गुड्डू,नीरज जायसवाल, उपाध्यक्ष नित्यानंद कुमार, सचिव ऋतुराज जायसवाल,बबलू केसरी सहित अन्य का नाम शामिल है।






