Bomb Threat: झारखंड में गुरुवार (12 मार्च 2026) को उस वक्त हड़कंप मच गया जब धनबाद और लातेहार के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि दोनों न्यायालय परिसरों को उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, लातेहार सिविल कोर्ट को पहली बार इस तरह की धमकी मिली है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने संदेश भेजकर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी। ईमेल मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और पूरे कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
उधर धनबाद सिविल कोर्ट को दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले 25 फरवरी को भी कोर्ट को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। उस समय भी पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली थी और मामले की जांच शुरू की थी, लेकिन धमकी देने वाले शख्स की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
ताजा धमकी के बाद धनबाद कोर्ट परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोर्ट में आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरा ईमेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। साइबर सेल की टीम को भी जांच में लगाया गया है ताकि ईमेल के स्रोत तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल दोनों जिलों के कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई।








