झारखंड

विशुनपुरा बाजार में ज्वैलर्स की दुकान में चोरी, नकदी व जेवरात लेकर फरार चोर

झारखंड वार्ता संवाददाता

विशुनपुरा (गढ़वा): थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच शुक्रवार की रात विशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वैलर्स को चोरों ने निशाना बना लिया। अज्ञात चोरों ने दुकान में घुसकर हजारों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान मालिक अजीत सोनी ने बताया कि वे शुक्रवार की रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। चोरों ने दुकान में घुसने के लिए सीढ़ी के ऊपर लगे छत (सीट) को काटकर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद काउंटर का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 1 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

घटना की सूचना मिलते ही बाजार क्षेत्र में सनसनी फैल गई। भुक्तभोगी द्वारा स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पहले भी हो चुकी हैं बड़ी वारदातें

विशुनपुरा क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले मुन्ना ज्वैलर्स में करीब 40 लाख रुपये के जेवरात की चोरी हो चुकी है। वहीं एक अन्य व्यवसायी सुजीत गुप्ता से सोने-चांदी से भरा झोला लूटे जाने की घटना ने भी इलाके में दहशत फैला दी थी।

लगातार हो रही घटनाओं से व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Avatar photo

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

WhatsApp
Copy link
URL has been copied successfully!