पलामू :हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ गांव में एक तिलक समारोह के उस वक्त हड़कंप मच गया जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली पूजा कर रहे पंडित और एक युवक को लग गई। अचानक गोली चलने और आवाज सुनकर अफरा तफरी मच गई।
घटना बीती रात की बताई जा रही है। राहुल बैठा के घर आयोजित तिलक कार्यक्रम की है। तिलक का कार्यक्रम चल रहा था और घर के आंगन में लोग गीत-संगीत और बातचीत में व्यस्त थे। इसी बीच अचानक फायरिंग की आवाज गूंजी और लोग घबरा गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिपरघाट निवासी पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। पहली ही गोली अनियंत्रित होकर सीधे भीड़ में जा घुसी। गोली जगेश्वर बैठा (सिल्दा खुर्द निवासी) की पीठ में लगी और शरीर को चीरते हुए बाहर निकल गई। वहीं पूजा करा रहे 60 वर्षीय पंडित अरविंद कुमार मिश्रा (कटैया निवासी) की जांघ में गोली आर-पार हो गई।
गोली चलने के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग घायलों को संभालने में जुट गए। कुछ देर पहले जहां तिलक की रस्में चल रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घायलों को तुरंत उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें औरंगाबाद रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घायल पंडित अरविंद कुमार मिश्रा का इलाज फिलहाल गया के एक अस्पताल में चल रहा है। वहीं दूसरे घायल जगेश्वर बैठा का भी इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व मुखिया सरोज कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। थानेदार देवव्रत पोद्दार ने बताया कि आरोपी के पास से लाइसेंसी राइफल और पिस्टल जब्त की गई है। मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। इसके अलावा राइफल में लोड जिंदा कारतूस भी मिला है।
आरोपी ने पिस्टल से फायरिंग की बात कही, पुलिस ने राइफल से पुष्टि की
पुलिस के मुताबिक आरोपी का कहना है कि गोली गलती से पिस्टल से चल गई। हालांकि जांच में सामने आया है कि फायरिंग राइफल से ही की गई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायरिंग किस मकसद से की गई और मौके पर मौजूद अन्य लोगों की इसमें क्या भूमिका रही।
हथियार लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के हथियारों के लाइसेंस को रद्द कराने के लिए संबंधित विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी। पुलिस ने साफ कहा है कि इस तरह शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों में फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










