
झारखंड वार्ता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर अहिरपुरवा स्थित काली मंदिर छठ घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष महापर्व को भव्य और व्यवस्थित तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया है। आयोजन की तैयारी को लेकर सोमवार की सुबह न्यू ज्योति क्लब के सदस्यों और स्थानीय लोगों की बैठक हुई। इसमें पिछले वर्ष के आयोजन का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही इस वर्ष के आयोजन को सफल बनाने के लिए सर्वसम्मति से कोर कमेटी का गठन किया गया।
गठित कमेटी में अशोक चंद्रवंशी को अध्यक्ष, गुलाब पासवान को सचिव, रविरंजन तिवारी को उपाध्यक्ष तथा उज्ज्वल विश्वकर्मा को उपसचिव सह मीडिया प्रभारी बनाया गया। वहीं संतोष ठाकुर, राकेश कुमार, विवेकानंद विश्वकर्मा, राजेंद्र साह, अनिल दास, सुमित मेहता, शंभू राम और अजय पासवान को संरक्षण पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। नमो नारायण शुक्ल को पूजा प्रभारी बनाया गया।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि अहिरपुरवा काली मंदिर छठ घाट पर हर वर्ष बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। अहिरपुरवा के अलावा जंगीपुर, धमनी और आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग यहां आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इसे सफल बनाने के लिए सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। क्लब के सदस्यों ने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी तालमेल से महापर्व को शांतिपूर्ण और बेहतर तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में विकास कुमार, मनीष कुमार, रंजीत कुमार, अजय विश्वकर्मा, सचिन कुमार, पुष्परंजन तिवारी, खुशदील कुमार, जयप्रकाश पासवान, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और न्यू ज्योति क्लब के सदस्य उपस्थित थे।






