झारखंड वार्ता डेस्क
पलामू। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के दौरान प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के आरोप में एक पारा शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गढ़वा जिले के पाचाडूमर निवासी सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई है। वह गढ़वा जिले में पारा शिक्षक के पद पर कार्यरत है और रविवार को जेटेट की परीक्षा देने पलामू पहुंचा था। पुलिस ने उसके विरुद्ध पाटन थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार एक नवंबर को पूरे झारखंड में जेटेट की परीक्षा आयोजित की गई थी। पलामू जिले के पाटन स्थित आरके मिडिल स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी प्रश्नपत्र मिलने के कुछ ही मिनट बाद केंद्र से बाहर निकलने लगा। वह अपने साथ प्रश्नपत्र भी लेकर जा रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों और दंडाधिकारियों की नजर उस पर पड़ गई। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
दंडाधिकारी के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। रविवार देर रात ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर पाटन थाना में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की छानबीन
पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि प्रश्नपत्र लेकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के मामले में आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। दंडाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। आरोपित के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।






