भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक खौफनाक मामला सामने आया है। आजाद नगर इलाके में 27 जनवरी को भीषण धमाका हुआ था। जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। एक घर की छत पर हुए इस ब्लास्ट का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि बदला लेने की नीयत से छत पर देसी बम बनाया जा रहा था, तभी अचानक विस्फोट हो गया।
जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में मां-बेटा सहित चार लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें शहनवाज मलिक (26) और उसकी मां लिलातुन बीबी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
CCTV में कैद हुई खौफनाक घटना
घटनास्थल के पास में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि छत पर चार पानी की टंकियां एक लाइन में रखी हैं। टंकियों के पीछे अचानक तेज धमाके के साथ धुएं का घना गुबार उठता है। इसके बाद झुलसे हुए लोग एक-एक कर घबराए हुए भागते नजर आते हैं।
घायलों की पहचान शहनवाज मलिक, उसकी मां लिलातुन बीबी, मंगेतर तृप्तिमयी महल (23) और दोस्त अमीया मल्लिक (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शहनवाज मलिक एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। आशंका है कि वह किसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए देसी बम तैयार कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान परिवार के सदस्य भी उसके साथ छत पर मौजूद थे।
विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। जांच एजेंसियों को घटनास्थल से गनपाउडर भी मिला है, जिससे बम बनाने की पुष्टि होती है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि धमाका किन परिस्थितियों में और किस तकनीक से हुआ। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मृतकों व घायलों के आपराधिक नेटवर्क व संभावित दुश्मनी के एंगल से भी जांच कर रही है।














