
ग्वालियर:ग्वालियर-भिंड मार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छिमका चौराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरे लोडिंग वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि लोडिंग वाहन में करीब 30 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लक्ष्मीपुर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे और ग्वालियर के चिनोर इलाके में धान रोपने का काम पूरा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार रजनीश करीब 30 मजदूरों को 4 अगस्त को लक्ष्मीपुर जिले से चिनोर लेकर आया था। धान रोपाई का काम पूरा होने के बाद सोमवार रात सभी मजदूर एक लोडिंग वाहन से वापस अपने गांव के लिए रवाना हुए थे।
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे वाहन जैसे ही गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छिमका चौराहे के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडिंग वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय अधिकांश मजदूर वाहन में सो रहे थे।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती तौर पर पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इलाज के दौरान तीन और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक और घायल सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लक्ष्मीपुर जिले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
गोहद चौराहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज की जानकारी ली। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी जा रही है। घटना के बाद मजदूरों के गांवों में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




