
गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सड़क किनारे स्थित एक तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के पुत्र प्रेम रजक के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 13 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हार्दिक और प्रेम तालाब से कमल का फूल निकालने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। इस बीच सूचना मिलने पर पचंबा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक साथ दो बच्चों की मौत की खबर से पूरे रानीखावा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोगों में भी गहरा दुख और मातम का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







