रांची: जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खुखरा पंचायत अंतर्गत चनकोपी चरका टंगरा गांव स्थित दमगड़ा तालाब में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मृत बच्चों की पहचान चरका टंगरा गांव निवासी 9 वर्षीय संजीत उरांव तथा चनकोपी गांव निवासी 7 वर्षीय सूर्या उरांव के रूप में हुई है। यह हृदयविदारक घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ दमगड़ा तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान संजीत और सूर्या अनजाने में तालाब के गहरे हिस्से की ओर चले गए। कुछ ही देर में दोनों पानी में डूबने लगे। यह दृश्य देखकर साथ मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और डर के मारे तालाब से बाहर निकलकर गांव की ओर दौड़ पड़े।
गांव पहुंचकर बच्चों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बेड़ो थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में डूबे दोनों बच्चों के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया गया।
इस मामले में बेड़ो थाना में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
घटना के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव का माहौल भी गमगीन बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और तालाब के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।














