झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह तालाब में दोनों के शव मिलने के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार पतरिहा कला गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की आठ वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी एवं परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने निकली थीं। देर शाम तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद ग्रामीणों एवं स्वजनों ने रातभर आसपास के जंगल, पहाड़ी एवं अन्य क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान बच्चों की नजर अकेलवा तालाब में तैर रहे दो शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृत बच्चियों की मां एवं स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर मौजूद ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने के लिए पहाड़ की ओर गई थीं। भीषण गर्मी के कारण संभवतः वे तालाब में नहाने उतर गईं, लेकिन उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी इस तालाब में कई लोगों की डूबने से जान जा चुकी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी, सुरक्षा व्यवस्था एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में भी इस तरह की दर्दनाक घटनाएं हो सकती हैं।
अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, गांव में पसरा मातम,लकड़ी चुनने निकलीं थी दोनों बच्चियां











