---Advertisement---

प्रधानमंत्री आवास निर्माण नहीं कराने पर दो वारंटी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

On: May 28, 2026 8:28 AM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

मझीआँव (गढ़वा)। मझीआँव थाना क्षेत्र के बोदरा पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव से पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही बरतने वाले दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार लोगों में 58 वर्षीय भूलू रजवार एवं 47 वर्षीय रघु रजवार शामिल हैं। दोनों एक ही गांव के निवासी बताए जाते हैं।

जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दोनों लाभुकों के नाम आवास स्वीकृत किया गया था। योजना की राशि निर्गत होने के बावजूद दोनों लाभुकों द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। मामले में विभागीय स्तर पर लगातार समीक्षा एवं जांच की गई, जिसमें निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई।

प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दोनों लाभुकों को डिफॉल्टर घोषित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। इसके बाद विभागीय आवेदन पर न्यायालय ने दोनों के खिलाफ वारंट जारी किया।

इधर, वारंट प्राप्त होने के बाद मझीआँव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में योजना की राशि प्राप्त करने के बाद आवास निर्माण में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now