झारखंड वार्ता संवाददाता
मझीआँव-बरडीहा (गढ़वा)। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को मझीआँव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस इंस्पेक्टर ब्रिज कुमार एवं बीडीओ सह सीओ श्रीमती कनक ने किया। इस दौरान मझीआँव एवं बरडीहा के मुख्य बाजारों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में बीपीओ राजेश कुमार, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, मझीआँव थाना के नए थाना प्रभारी अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा दोनों प्रखंडों के प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
बताया गया कि मझीआँव क्षेत्र में निकाले गए फ्लैग मार्च में बरडीहा थाना की पुलिस टीम भी शामिल रही, जबकि बरडीहा क्षेत्र में निकाले गए मार्च में मझीआँव थाना की पुलिस बल ने भाग लिया। प्रशासन द्वारा दोनों क्षेत्रों में समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर ब्रिज कुमार ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
वहीं अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस लगातार गश्ती कर रही है ताकि आम लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
बकरीद को लेकर मझीआँव व बरडीहा में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील













