
जमशेदपुर : जेम्को स्थित महानंद बस्ती में सोमवार देर शाम गोवंश बोरे में मिलने की खबर से इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। हनुमान मंदिर के पास इस घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। घटना से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद टेल्को, गोलमुरी और बर्मामाइंस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान सड़क जाम करने की कोशिश को भी पुलिस ने रोक दिया।
दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इलाके में तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
अभी स्पष्ट नहीं, कैसे पहुंचा गोवंश का सिर
बताया जा रहा है कि बोरे में बंधै गोवंश के शव को कुत्तोंने नोच डाला था।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोवंश का कटा हुआ सिर मंदिर के पास कैसे पहुंचा और इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना जांच का प्रमुख हिस्सा है।
पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस के सामने सच्चाई का पता लगाने के साथ-साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है। स्थानीय लोगों ने भी मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।





