हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक घर पर छापेमारी कर अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। बरामद सामान में प्रतिबंधित AK-47 का कारतूस भी शामिल है, जिसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से जांच में जुट गई हैं।
पुलिस ने इस मामले में 60 वर्षीय मोबिन खान को गिरफ्तार किया है, जो पहले नैनीताल जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक था। आरोपी को पहले ही शिक्षा विभाग से बर्खास्त किया जा चुका है।
छापेमारी के दौरान आत्महत्या की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
पहले भी जा चुका है जेल
मोबिन खान पूर्व में POCSO मामले में जेल जा चुका है। कुछ वर्ष पहले उस पर मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा था। मुकदमा दर्ज होने के बाद वह करीब सात साल तक जेल में रहा। जेल से हाल ही में रिहा होकर वह घर लौटा था।
परिजनों को धमकाने के आरोप
परिजनों के अनुसार, आरोपी अक्सर हथियार दिखाकर घर में डराने-धमकाने की कोशिश करता था। सोमवार को पारिवारिक विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान AK-47 में प्रयुक्त 7.62 एमएम का एक कारतूस, 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, 12 बोर का तमंचा, चार कारतूस और 7.65 एमएम के 10 कारतूस बरामद किए गए।
हथियार कहां से आए, जांच जारी
सबसे अहम सवाल यह है कि आरोपी के पास AK-47 का कारतूस और अन्य हथियार आखिर आए कहां से। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। साथ ही आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच कराई जा सकती है।
फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है।











