
जमशेदपुर। टेल्को स्टेडियम-भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूल बच्चों से भरी एक टाटा विंगर वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टाटा विंगर स्कूल वैन टेल्को स्टेडियम की ओर से चिन्मया स्कूल के बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान N-111 के पास वैन अचानक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का चैंबर तक फट गया। हादसे की आवाज धमाके जैसी सुनाई दी।
दुर्घटना के बाद वैन में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पास के फ्लैटों से भी लोग नीचे उतर आए और राहत-बचाव में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया।
कार को बचाने के दौरान हादसा होने की बात
मौके पर मौजूद कुछ राहगीरों के अनुसार, हादसा एक कार को बचाने के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शी उत्तम ने बताया कि चिन्मया स्कूल की ओर से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के सामने आ गई। कार वैन से बिल्कुल सटकर निकल गई। इसके बाद कार को पीछे मुड़कर देखने के दौरान चालक का ध्यान सड़क से हट गया और वैन सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





