
टंडवा: विश्वकर्मा पूजा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास ने टंडवा प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक, सामाजिक, पर्यावरण संरक्षण और खेल से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
दौरे के क्रम में विधायक ने ग्राम कसियाडीह स्थित बहरिया थाना के समीप बरगद के पौधे का वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का पारंपरिक तरीके से स्वागत और अभिनंदन किया।
इसके बाद विधायक ग्राम घाघरा स्थित फूलवरिया मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बूढ़ा महादेव के समक्ष मत्था टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों, माताओं और बहनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर बच्चों के बीच केक काटकर जन्मदिन समारोह भी मनाया गया। विधायक ने बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद युवा क्लब, घाघरा की ओर से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का विधायक उज्ज्वल कुमार दास ने विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मौके पर जिला भाजपा मंत्री, विधायक प्रतिनिधि गोविंद तिवारी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वर पांडे, जिला परिषद सदस्य देवंती देवी, पंचायत समिति सदस्य राजेश चौधरी, वसंत राणा, प्रमोद सिंह, मुंशी साहू, बिनेश्वर महतो समेत शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन में स्वामी विवेकानंद युवा क्लब के राजकुमार राणा, रोहित राणा, संजय राणा, राजेश राणा और सोनिया देवी समेत क्लब के अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विधायक ने इटखोरी प्रखंड में आशीर्वाद का दीप जलाकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।





