---Advertisement---

VIDEO: महिला पर रंग के छींटे पड़ने से शुरू हुआ विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या; इलाके में सांप्रदायिक तनाव

On: March 6, 2026 7:57 PM
---Advertisement---

नई दिल्ली: उत्तम नगर (दक्षिण-पश्चिम दिल्ली) की जेजे कॉलोनी में होली के दिन दो परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में 26 वर्षीय युवक तरुण खटीक की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की है।

रंगीन गुब्बारे से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत रंग से भरे पानी के गुब्बारे से हुई। जानकारी के मुताबिक एक घर की छत पर होली खेल रही 11 साल की लड़की ने अपने रिश्तेदारों की ओर पानी का गुब्बारा फेंका। गुब्बारा सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे पास से गुजर रही दूसरे समुदाय की एक महिला पर रंगीन पानी के छीटें पड़ गए। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई।

देर रात युवक पर हमला

परिजनों के अनुसार देर रात करीब 11 बजे तरुण होली का जश्न मनाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दूसरे परिवार के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में भी हुआ हंगामा

तरुण की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए, जहां कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और हालात को काबू में लिया।

पुलिस जांच में जुटी

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now