राजेश कुमार साव
बालूमाथ संवाददाता : बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र के बिशुनपुर एवं पिंडारकोम गांव में एनएलएम कंपनी द्वारा कथित रूप से विद्यालयों में पानी की बोतल वितरण किए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। इस मामले में आजसू प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव सहित कई ग्रामीणों ने कंपनी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया है।ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी दलालों के माध्यम से स्कूलों में पहुंचकर पानी की बोतलें बांट रही है और इसके जरिए क्षेत्र में अपनी छवि सुधारने तथा सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि यदि कंपनी वास्तव में सामाजिक दायित्व निभाना चाहती है तो उसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस पहल करनी चाहिए।आजसू प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का केंद्र है और किसी भी कंपनी को प्रचारात्मक गतिविधियों के लिए इसका उपयोग नहीं करना चाहिए।उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जानकारी और सहमति के बिना इस प्रकार की गतिविधियां उचित नहीं हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा विद्यालय परिसरों में बाहरी संस्थाओं की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े वास्तविक मुद्दों की अनदेखी कर इस तरह के कार्यक्रमों से जनता को प्रभावित करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।मामले को लेकर दोनों गांवों में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण कंपनी की कथित गतिविधियों के प्रति खुलकर विरोध जता रहे हैं।














