रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बीरगांव इलाके में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद के बाद युवक ने लाइटर से आग लगा दी। अचानक भड़की आग की लपटों से पेट्रोल पंप परिसर में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी दहशत में आ गए। हालांकि कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
घटना संगीता पेट्रोल पंप की है, जहां 17 फरवरी की शाम करीब सात बजे दो युवक बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। पेट्रोल भरने के दौरान बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और सिगरेट जलाने लगा। पंप परिसर में धूम्रपान निषेध होने के चलते उसके साथी ने उसे सिगरेट न जलाने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर युवक नाराज हो गया और गुस्से में अपने हाथ में मौजूद लाइटर से पेट्रोल के पास आग लगा दी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद पेट्रोल भरने वाला कर्मचारी तुरंत मशीन छोड़कर पीछे हट गया, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका।
आग की चिंगारी आरोपी युवक के शरीर पर भी जा गिरी, जिससे वह घबराकर मौके से फरार हो गया। इस बीच पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। यदि आग बुझाने में थोड़ी भी देरी होती, तो आग पेट्रोल मशीन या भूमिगत टैंक तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा विस्फोट और भारी जान-माल के नुकसान की आशंका थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इमरान कुरैशी सहित दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।














