
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)।जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर निकाली जा रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा बुधवार को अपने 17वें दिन श्री बंशीधर नगर पहुंची। झारखंड के सभी 24 जिलों में भ्रमण करने के संकल्प के साथ निकाली जा रही इस यात्रा का नेतृत्व छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो कर रहे हैं।
यात्रा के श्री बंशीधर नगर पहुंचने पर स्थानीय युवाओं एवं समर्थकों ने देवेंद्र नाथ महतो का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सबसे पहले ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर पहुंचकर युगल सरकार का दर्शन-पूजन किया और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद देवेंद्र नाथ महतो अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पैदल यात्रा करते हुए मुख्य बाजार से होकर बस स्टैंड पहुंचे। इस दौरान यात्रा को देखने और समर्थन देने के लिए जगह-जगह लोग जुटे रहे।
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने भवनाथपुर मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के समीप स्थापित डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बस स्टैंड के समीप आयोजित जनसभा में उन्होंने युवाओं और अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जनसभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा केवल जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड में पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था स्थापित करने की मांग को लेकर निकाली गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए। युवाओं को लंबे समय से रिक्त पदों पर नियुक्ति और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया का इंतजार है। सरकार की जिम्मेदारी है कि भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की जाए।
रोजगार और स्वरोजगार के बयान पर भी रखी बात
देवेंद्र नाथ महतो ने मुख्यमंत्री के रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े पूर्व बयानों पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा केवल किसी एक स्वरोजगार विकल्प तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि वे सम्मानजनक रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सरकारी नौकरियों में निष्पक्ष अवसर की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को रोजगार सृजन, रिक्त पदों को भरने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि 24 अगस्त को रामगढ़ जिले के नेवरा गांव से शुरू हुई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों का भ्रमण कर रही है। अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता के लिए जनसमर्थन जुटाना है।
यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में छात्र, अभ्यर्थी, अभिभावक एवं सामाजिक संगठनों से संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार भर्ती व्यवस्था में सुधार और अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीर पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
जनसभा में उमड़ी भीड़, सड़क पर लगा जाम
बस स्टैंड के समीप जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ बढ़ने के कारण मुख्य सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे कुछ समय तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हुई।







