धनबाद के युवक की जर्मनी में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, निष्पक्ष जांच और शव भारत लाने की मांग
तूफान मिश्रा का परिवार (ईटीवी भारत)
धनबाद: सिंदरी निवासी तूफान मिश्रा की जर्मनी में हुई मौत को लेकर परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं. पांच जुलाई को उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गयी. पिछले 12 साल से जर्मनी में नौकरी कर रहे तूफान मिश्रा की मौत की अब परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
परिजनों के मुताबिक तूफान मिश्रा जर्मनी में एक निजी कंपनी में काम करता था. करीब पांच साल पहले उन्होंने ओडिशा निवासी सुभाषनीता मिश्रा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों जर्मनी में रहकर अलग-अलग निजी कंपनियों में काम कर रहे थे। दम्पति का एक छोटा बच्चा भी है। उनकी पत्नी के मुताबिक, सीढ़ियों से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
मृतक युवक के भाई का बयान (ईटीवी भारत)
हालांकि, मृतक के परिजनों का दावा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर कलह होती रहती थी. इस कारण परिवार को इस घटना पर संदेह है. उनका कहना है कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके और अगर किसी तरह की साजिश या लापरवाही हुई है तो उसका पर्दाफाश होना चाहिए.
परिजनों ने केंद्र और झारखंड सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द तूफान मिश्रा के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव सिंदरी लाने की व्यवस्था की जाए, ताकि पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म किया जा सके. उन्होंने संबंधित एजेंसियों से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी अपील की है.
यह भी पढ़ें:
दोस्त ने कुल्हाड़ी से मारकर ली दोस्त की जान, सामने आई ये वजह!
‘परी’ से मुलाकात और धन के लालच में तंत्र-मंत्र के चलते हत्या! जानिए क्या है मामला
