जमशेदपुर:मानगो थाना क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा रोड पर बुधवार देर शाम एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में पहुंचे युवकों ने राहुल पर बांस, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उस पर गोली चलाए जाने की भी बात सामने आ रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद राहुल के साथियों ने उसे तत्काल बाइक से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी युवती को लेकर चल रहे विवाद और सोशल मीडिया पर हुई कहासुनी के बाद यह हिंसक घटना हुई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक राहुल कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। वहीं, हमले में शामिल बताए जा रहे कुछ अन्य युवक भी पहले आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद टीएमएच परिसर में तनाव का माहौल बन गया, जहां मृतक के समर्थकों ने हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमशेदपुर में भारी भीड़ ने की युवक की हत्या,सनसनी,सोशल मीडिया विवाद!








