बरडीहा में बीडीओ सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की पहल से जनसमस्याओं का मौके पर हुआ समाधान
बरडीहा (गढ़वा):प्रखंड के वार्ड संख्या-4 स्थित सार्वजनिक चबूतरा पर बुधवार सुबह सुबह प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की पहल पर ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही कार्रवाई की गई।
ग्राम सभा के दौरान एक बेसहारा महिला ने कई महीनों से राशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर प्रवीण कुमार सिंह ने तत्काल प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया। जांच के बाद लाभुक का राशन चालू करा दिया गया है।
ग्राम सभा में भूमि संबंधी मामलों, रास्ते पर मवेशी बांधने, नालियों की सफाई तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण की शिकायतें भी सामने आईं।
ग्राम सभा के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह, उप प्रमुख संकेंद्र पासवान, मुखिया प्रतिनिधि वशिष्ठ पासवान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पूरे बरडीहा बाजार का पैदल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की गई।
इस दौरान सार्वजनिक सड़क पर गाय-भैंस बांधने के लिए लगाए गए नाद को मौके पर ही हटवा दिया गया। साथ ही सड़क एवं नालियों पर अस्थायी रूप से रखे गए सामान, झोपड़ियों तथा अन्य अवरोधों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।प्रवीण कुमार सिंह ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में नालियों के ऊपर या सार्वजनिक सड़क पर सामान न रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बाजार बनाना प्रशासन और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है।इस अभियान में लगभग 40 से 50 ग्रामीण शामिल रहे। ग्राम सभा के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान, स्वच्छता अभियान, नाली सफाई की पहल और अतिक्रमण हटाने की संयुक्त कार्रवाई से ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित एवं जनहितैषी कार्यशैली की सराहना की।











