
रांची: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेल टाउनशिप, रांची के विवेकानंद सभागार में 25 अगस्त 2026 को कक्षा प्रेप से कक्षा 2 तक के विद्यार्थियों द्वारा वार्षिकोत्सव ‘समन्वय’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में करीब 300 नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य विषय मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य तथा जीवन में समन्वय की आवश्यकता रहा। विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मानव जीवन और प्रकृति के पारस्परिक संबंधों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
गणपति आराधना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने माता-पिता के जीवन में सर्वोच्च स्थान, पशु-पक्षियों एवं वनस्पतियों के महत्व तथा पर्यावरणीय संतुलन में उनकी भूमिका को प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में स्वच्छता और शुचिता के मानवीय जीवन तथा समाज के उत्थान में महत्व को भी रेखांकित किया गया।
‘समन्वय’ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को करुणा, एकता, सामंजस्य और मैत्री जैसे मानवीय मूल्यों का संदेश दिया। नन्हे कलाकारों के आत्मविश्वास और मंच पर उनकी शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और आपसी सामंजस्य की सराहना की। उन्होंने नन्हे कलाकारों को आने वाले कल का सृजनकर्ता बताते हुए वर्तमान समय में ‘समन्वय’ की महत्ता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मनुष्य, समाज और देश तभी प्रगति कर सकते हैं, जब विचारों और भावनाओं में सामंजस्य स्थापित हो। अंतर्विरोधों से ऊपर उठकर ही संतुलन और सौहार्द की स्थापना संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों के मंच संचालन एवं प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनके भीतर प्रतिभा और सकारात्मक विचारों की नींव रखने के लिए शिक्षकों तथा अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और सभी गणमान्य व्यक्तियों का हार्दिक अभिनंदन एवं धन्यवाद किया। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा सभागार सतरंगी इंद्रधनुष की तरह जीवंत और आकर्षक नजर आया।







