गुजरात से तीन अपहृत किशोरियां सकुशल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता:- थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। नगर ऊंटारी थाना पुलिस ने नाबालिग लड़कियों के अपहरण के तीन अलग-अलग मामलों का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुजरात से तीनों अपहृता सह पीड़िताओं को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं तीनों मामलों में संलिप्त आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। जिसके बाद गठित टीम ने लंबित नगर ऊंटारी थाना कांड संख्या 185/25, 115/26 एवं 116/26 के निष्पादन के लिए पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार रवि एवं शशिकांत शुक्ला को पुलिस बल के साथ गुजरात भेजा गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों पीड़िताओं को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें सत्येंद्र यादव (19 वर्ष), पिता- गुलाब सिंह उर्फ पप्पू यादव, ग्राम खतौनी, थाना इटावा, जिला इटावा (उत्तर प्रदेश), अंशु कुमार (19 वर्ष), पिता- रामकुमार राम, ग्राम पथरिया कला, थाना नगर ऊंटारी तथा नितेश कुमार (21 वर्ष), पिता- दिनेश राम, ग्राम पथरिया कला, थाना नगर ऊंटारी शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में आरोप था कि नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपहरण कर कहीं भगा ले गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप पीड़िताओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि नाबालिगों एवं महिलाओं से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और तकनीकी अनुसंधान के बल पर तीनों पीड़िताओं को सुरक्षित बरामद कर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
