
SA vs NAM: नामीबिया, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही टी20 ट्राई सीरीज का आगाज धमाकेदार अंदाज में हुआ। शुक्रवार, 28 अगस्त को खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को 18 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
यह पहली बार नहीं, जब नामीबिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत मिली है। अक्टूबर 2025 में भी नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को शिकस्त दी थी। चौंकाने वाला आंकड़ा यह है कि इन दोनों टीमों के बीच अब तक दो टी20 मैच हुए हैं और दोनों ही मैच नामीबिया ने जीते हैं।
नामीबिया की मजबूत शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया को सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत दिलाई। लौरेन स्टीनकैंप और जान फ्राइलिनक ने पहले विकेट के लिए 84 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। स्टीनकैंप ने 41 रन बनाकर टीम को मजबूत आधार दिया, जबकि फ्राइलिनक ने 60 रनों की प्रभावशाली पारी खेली। सलामी जोड़ी के टूटने के बाद नामीबिया की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई। हालांकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 19 रन बनाकर स्कोर को आगे बढ़ाने की कोशिश की। शुरुआती अच्छी शुरुआत के बावजूद नामीबिया के बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे और टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 रन तक ही पहुंच सकी। साउथ अफ्रीका की ओर से प्रीलेन सुब्रायेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए और नामीबिया के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाई।
ब्रेविस ने संभाली पारी, लेकिन नहीं मिला साथ
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस और जॉर्डन हरमन सस्ते में पवेलियन लौट गए। प्रीटोरियस ने 9 जबकि हरमन ने 7 रन बनाए।
इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। ब्रेविस ने 50 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए। उन्होंने अकेले दम पर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें लगातार विकेट गिरने के कारण जरूरी समर्थन नहीं मिल सका।
डुआन जैनसेन ने पारी के अंत में 17 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन तब तक जीत साउथ अफ्रीका की पहुंच से दूर हो चुकी थी। निर्धारित 20 ओवर में साउथ अफ्रीका 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी और उसे 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
नामीबिया के गेंदबाजों ने पलटा मैच
नामीबिया की जीत में उसके गेंदबाजों की भूमिका सबसे अहम रही। साउथ अफ्रीका के शीर्ष क्रम को जल्दी पवेलियन भेजने के बाद गेंदबाजों ने ब्रेविस के खिलाफ भी दबाव बनाए रखा और दूसरे छोर से रन रोकने में कामयाब रहे। रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिथ ने तीन-तीन विकेट लेकर साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दोनों ने महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट हासिल किए, जिससे साउथ अफ्रीका लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार पिछड़ता चला गया। जेजे स्मिथ को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।





