प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में SIR-2026 की समीक्षा बैठक संपन्न, अनमैप्ड व नए मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
बरडीहा : प्रखंड सभागार बरडीहा में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्य में प्रतिनियुक्त सभी सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स शामिल हुए। इस दौरान मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि कल प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी विधिवत कार्यवाही (प्रोसीडिंग) तैयार की जाएगी। इस बैठक में सभी वॉलंटियर्स की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही पूर्व में गठित ‘चुनावी पाठशाला’ की बैठक भी उसी दिन आयोजित होगी।
समीक्षा के दौरान अनमैप्ड मतदाताओं की सूची वॉलंटियर्स को उपलब्ध कराते हुए निर्देश दिया गया कि वे सूची में दर्ज अनुपस्थित तथा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करें तथा शेष वास्तविक मतदाताओं की मैपिंग कर उनका इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि कार्य के दौरान वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, गरीब एवं अन्य संवेदनशील वर्ग के वास्तविक मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनका नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
बैठक में बताया गया कि ASDD (Absent, Shifted, Duplicate, Dead) सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि कोई व्यक्ति फॉर्म-6 में झूठी अथवा फर्जी घोषणा देकर मतदाता बनने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध निर्वाचन नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने सभी सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
