नशा जीवन का सबसे बड़ा दुश्मन, कैंसर जैसी लाइलाज बीमारी से बचने का दिया संदेश
मझिआंव : प्रखंड कार्यालय परिसर में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को सिगरेट, तंबाकू, गुटखा और शराब जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
नाटक के माध्यम से दिखाया गया कि एक व्यक्ति धीरे-धीरे विभिन्न प्रकार के नशे का आदी हो जाता है। लगातार नशा करने के कारण वह कैंसर जैसी गंभीर और लाइलाज बीमारी की चपेट में आ जाता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने और नशे पर अत्यधिक खर्च करने के कारण उसके पास इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे भी नहीं बचते। अंततः समय पर उपचार नहीं मिलने से उसकी मृत्यु हो जाती है।
कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के जरिए लोगों को संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा दूर-दराज़ से विभिन्न कार्यों के लिए आए ग्रामीणों ने नाटक को देखा और नशा मुक्ति का संकल्प लेने का संदेश प्राप्त किया। उपस्थित लोगों ने इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है।
