झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा: जिले के उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में शहीद नीलाम्बर–पीताम्बर उत्तरी कोयल परियोजना (मंडल डैम) के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने को लेकर समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में परियोजना से जुड़े संबंधित पदाधिकारी और कंसलटेंसी एजेंसी मैनटेक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीसी ने परियोजना से संबंधित समर्पित प्रतिवेदनों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से प्रभावित एवं पुनर्स्थापित होने वाले परिवारों के साथ-साथ पूर्व से निवास कर रहे ग्रामीणों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जाए। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और स्वच्छता जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि विस्थापन के कारण किसी भी परिवार को कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने पुनर्वास स्थलों पर आधारभूत संरचना के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही आगामी बैठक से पहले सभी 338 प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने वन अधिकार समिति की स्वीकृति, लैंड डायवर्जन तथा सभी लाभुकों के खातों में भुगतान की प्रक्रिया भी अगले बैठक से पूर्व पूर्ण करने को कहा।
पूर्व बैठक के निर्देशों का समुचित अनुपालन नहीं होने पर डीसी ने नाराजगी जताई और कार्य में हो रही देरी पर संबंधित पदाधिकारियों से जवाब तलब किया। इस पर अधिकारियों ने बताया कि मंडल डैम में पिकेट कार्य एवं 12 में से 10 गेट की उपलब्धता की प्रक्रिया प्रगति पर है। भौतिक रूप से परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष कार्य शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे। 10 गेट की स्थापना के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। सभी 338 विस्थापित लाभुकों की पे-आईडी तैयार कर ली गई है और आवंटन मिलते ही भुगतान कर दिया जाएगा।
बैठक में डीसी ने कांडी प्रखंड अंतर्गत वितरणी (नहर) परियोजना की भी समीक्षा की। विशेष भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत 28 गांवों में 50.76 करोड़ रुपये का भुगतान पूरा कर लिया गया है। वहीं तीन गांवों में 57 लाख रुपये के भुगतान के लिए भू-अर्जन अधिनियम 2013 की धारा 11(1) के तहत अधिसूचना प्रकाशित की गई है। योजना अंतर्गत 5.5 किलोमीटर क्लियर रीच का कार्य एवं 17 स्ट्रक्चर फरवरी 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अगली समीक्षा बैठक से पूर्व शेष सभी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जल संसाधन विभाग पलामू के मुख्य अभियंता, रंका एसडीओ रुद्र प्रताप, गढ़वा एसडीओ संजय कुमार, पुनर्वास पदाधिकारी मेदिनीनगर, कार्यपालक अभियंता, विशेष भू-अर्जन कार्यालय के अधिकारी, भंडरिया एवं कांडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
मंडल डैम के बचे हुए कार्यों को शीघ्र पूरा करें : डीसी














