ICC T20 World Cup 2026: पाकिस्तान सरकार ने रविवार को एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए ऐलान किया कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा तो लेगी, लेकिन अपने चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान इस मैच के लिए अपनी टीम मैदान पर नहीं उतारेगा।
पाकिस्तान सरकार का यह फैसला उस समय आया है, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। बांग्लादेश ने भारत में खेलने को लेकर असुरक्षा जताई थी, जिसके बाद उसे टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया गया। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के इस रुख का खुलकर समर्थन किया था।
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद से ही यह अटकलें तेज हो गई थीं कि कहीं पाकिस्तान भी पूरे टूर्नामेंट से ही खुद को अलग न कर ले। हालांकि, इन तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि उसका बहिष्कार सिर्फ भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले तक ही सीमित रहेगा।
सरकार ने एक्स पर दी जानकारी
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। पोस्ट में कहा गया, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी वर्ल्ड टी20 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है। हालांकि, 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में पाकिस्तान की टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।
ICC को नहीं मिली आधिकारिक सूचना
इस पूरे मामले पर आईसीसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सूत्रों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को अभी तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से इस फैसले को लेकर कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। आईसीसी का कहना है कि किसी भी तरह की कार्रवाई या संभावित प्रतिबंध पर फैसला तभी लिया जाएगा, जब पीसीबी औपचारिक रूप से अपने रुख से अवगत कराएगा।














