पलामू: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 8.6 किलोग्राम गांजा, तौलने की मशीन सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
2 फरवरी 2026 को करीब 11:50 बजे हुसैनाबाद थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुशाला रोड, जपला स्थित एक घर में अवैध रूप से गांजा रखा गया है और उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद मामले की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई।
इसके बाद एसडीपीओ हुसैनाबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस की एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने मधुशाला रोड, जपला स्थित तीन घरों में एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी में भारी मात्रा में गांजा बरामद
छापेमारी के दौरान तीनों घरों से संयुक्त रूप से 8.6 किलो ग्राम गांजा, एक तांबे की धातु से बना छोटा तराजू, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन और गांजा को बेचने हेतु 2 किलोग्राम प्लास्टिक का पैकेट बरामद किया गया। सभी जब्त सामानों को विधिवत सील कर लिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है
उदय प्रसाद उर्फ बबलू गुप्ता (44 वर्ष)
अनिता देवी (42 वर्ष)
दुर्गा देवी (45 वर्ष)
सविता देवी (46 वर्ष)
सभी आरोपी मधुशाला रोड, जपला, थाना हुसैनाबाद, जिला पलामू के निवासी हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 02.02.26 के तहत आरोपियों पर धारा 3(5) बीएनएस एवं धारा 20(b)(ii)(B), 25/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ पहले भी हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 304/21 (दिनांक 15.11.21) के तहत धारा 20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज है।













