USA vs NED: आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए के मैच में शुक्रवार को अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड्स को 93 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब अमेरिकी टीम ने डच टीम को पराजित किया है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार खेल दिखाते हुए अमेरिका ने एकतरफा जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही अमेरिका का टूर्नामेंट में खाता खुल गया है।
अमेरिकी बल्लेबाज़ों का धमाका
चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अमेरिका ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। टीम की ओर से साईतेजा मुक्कामल्ला ने बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 51 गेंदों पर 79 रन बनाकर पारी को मजबूती दी और नींव रखी। वहीं शुभम रंजाने ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों पर 48 रन ठोक दिए, जिससे टीम बड़े स्कोर तक पहुंच सकी। नीदरलैंड्स की ओर से बास डे लीडे सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
बड़े लक्ष्य के सामने ढही डच टीम
197 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम अमेरिकी गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 103 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से बास डे लीडे ने सबसे अधिक 23 रन बनाए, जबकि कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स 20 रन ही बना सके। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
अमेरिका की जीत में गेंदबाज़ों की भी अहम भूमिका रही। हरमीत सिंह ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए चार विकेट झटके और डच बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनका अच्छा साथ देते हुए शैडली वैन शाल्कविक ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद मोहसिन ने भी दो सफलताएं अपने नाम कीं।














