मझिआंव (गढ़वा): नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी श्रीमती सत्येश्वरी देवी उर्फ सत्या दुबे ने सर्वश्रेष्ठ नगर पंचायत बनाने का संकल्प लेते हुए 14 सूत्री विकास पत्रिका जारी की।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने नगर पंचायत मझिआंव के भविष्य की दिशा और दशा तय करने का महत्वपूर्ण समय है। मेरा उद्देश्य केवल वादे करना नहीं, बल्कि स्पष्ट प्राथमिकताओं के साथ निरंतर प्रयास और जनता के साथ मिलकर कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत वासियों का आशीर्वाद मिला तो उनकी प्राथमिकताओं में डबल होल्डिंग टैक्स में राहत, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आईटीआई स्थापना हेतु उच्च स्तर पर प्रस्ताव रखना शामिल है।
इसके साथ ही महिलाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना, बुजुर्गों और दिव्यांगों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सहायता व्यवस्था, प्रत्येक वार्ड में समय-समय पर हेल्थ कैंप का आयोजन, नगर में हरियाली, स्वच्छता और सार्वजनिक बैठने की जगहों का विकास किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हर वार्ड में छठ घाट का निर्माण, नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, पानी, सड़क और नाली की समस्याओं पर सतत निगरानी, किसान हित और दैनिक मूलभूत सुविधाएं उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
साथ ही नगर पंचायत से बाईपास सड़क निर्माण, व्यापारी वर्ग की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा जड़ से भ्रष्टाचार मुक्त नगर पंचायत बनाने का संकल्प भी उन्होंने दोहराया।
उन्होंने कहा कि यह विकास पत्रिका मझिआंव नगर पंचायत के हर परिवार को समर्पित है और हम सब मिलकर अपने नगर को एक बेहतर दिशा देंगे। अंत में उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि क्रम संख्या 7 पर बक्सा चुनाव चिन्ह पर मतदान कर नगर पंचायत को विकसित, बेहतर और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में सहयोग करें।
प्रेस वार्ता के दौरान जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष डॉ. एस.एन. त्रिपाठी, अरविंद पाठक, देवेंद्र नाथ दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।














