चतरा: जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जिसने कुछ घंटों के लिए परिजनों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंत विहार कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक किशोरी के अचानक लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि किशोरी सुबह घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर से आसपास के इलाकों में खोजबीन की, रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद परिजनों ने पिपरवार थाना को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने कॉलोनी समेत आसपास के संभावित स्थानों पर छानबीन की और हर पहलू से मामले की जांच की।
लगातार कई घंटों की मशक्कत के बाद जब सच्चाई सामने आई, तो सभी हैरान रह गए। किशोरी अपने ही फूफा के घर में ए कमरे में पलंग के नीचे छिपी हुई मिली।
पूछताछ के दौरान किशोरी ने बताया कि वह परीक्षा को लेकर काफी तनाव में थी। पढ़ाई के दबाव और डांट के डर से वह घर से निकल गई और घबराहट में फूफा के घर पहुंचकर पलंग के नीचे छिप गई, जहां वह काफी समय तक बैठी रही। किशोरी की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।














