गढ़वा: शहर के पुरानी बाजार स्थित आभूषण की दुकान में दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। दो शातिर युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों से भरा बॉक्स लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पहले ग्राहक बनकर दुकान में घुसे। उनमें से एक ने दुकानदार से अपनी बहन के लिए उपहार के तौर पर गहने दिखाने को कहा। दुकानदार जैसे ही बॉक्स खोलकर आभूषण दिखाने लगा, तभी दूसरा युवक दुकान में आया और चालाकी से दुकानदार को कुछ नकद रुपये थमाते हुए कहा कि उसकी बहन बाहर खड़ी है, उसके लिए एक और गिफ्ट लेकर आता हूं।
दुकानदार का ध्यान भटकते ही दोनों युवकों ने मौके का फायदा उठाया और गहनों से भरा बॉक्स लेकर वहां से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकानदार को संभलने का मौका ही नहीं मिला। कुछ देर बाद जब उसने बॉक्स गायब देखा तो उसके होश उड़ गए और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














