सिल्ली:- सिल्ली थाना परिसर में शनिवार के दिन एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी नवीन कुमार ने कहा कि अफवाहों के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कई मामलों में निर्दोष लोगों को केवल संदेह के आधार पर भीड़ द्वारा पीट दिया गया, जो अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी अनजान व्यक्ति पर संदेह हो तो उसे पकड़कर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और आवश्यक कार्रवाई करेगी।थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया से फैली अफवाहों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सीधे थाना को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट न केवल कानूनी बाध्यता है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
सिल्ली में पुलिस की अपील: अफवाहों पर न करें विश्वास, संदिग्ध गतिविधि की दें जानकारी











