बोकारो: झारखंड के बोकारो में पुराने विवाद को लेकर मंगलवार देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सेक्टर‑4 थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर के पास अचानक शुरू हुई इस झड़प ने कुछ ही देर में पूरे इलाके को रणक्षेत्र में बदल दिया। दोनों पक्षों के युवकों के बीच पहले कहासुनी हुई, देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान करीब आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए। उपद्रवियों ने मौके पर खड़ी एक कार को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना देकर आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगाई, जिसके बाद जल रही कार की आग पर काबू पाया गया। घायल युवकों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद करीब एक महीने पहले हुई एक घटना से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक पत्थरकट्टा चौक पर कार ओवरटेक करने को लेकर जोशी कॉलोनी निवासी चिराग कुमार के साथ मारपीट हुई थी। उस दौरान कुछ युवकों ने उस पर भुजाली से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लंबे समय तक चले इलाज के बाद उसकी जान बच पाई।
सूत्रों के अनुसार, उसी मामले में आरोपियों की पहचान कराने के लिए चश्मदीद युवक कुणाल सिंह मंगलवार शाम पुलिस के साथ सेक्टर-8 स्थित बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर पहुंचा था। इसी दौरान अचानक आरोपियों के समूह ने वहां पहुंचकर पथराव शुरू कर दिया और हंगामे के बीच खड़ी कार में आग लगा दी।
पथराव और आगजनी के दौरान मची भगदड़ में चश्मदीद युवक कुणाल सिंह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। बुधवार सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन और पुलिस दोनों उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। परिवार के लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से खोजबीन तेज करने की मांग की है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। लापता युवक की तलाश भी तेज कर दी गई है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।














