मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक स्टेज शो का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भोजपुरी गायक धनंजय शर्मा एक महिला डांसर को गोद में उठाकर मंच से नीचे भीड़ की ओर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराज़गी देखने को मिल रही है और गायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना साहेबगंज प्रखंड के राजेपुर थाना क्षेत्र के मौना गांव की है। यहां 11 मार्च को अशोक यादव की बहन की शादी के मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मनोरंजन के लिए महिला डांसरों को बुलाया गया था और मंच पर डांस का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान जब डांस चल रहा था, उसी समय मंच पर मौजूद गायक धनंजय शर्मा ने एक महिला डांसर को उठाकर भीड़ की ओर फेंक दिया। वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इस घटना की आलोचना की। कई यूजर्स ने इसे महिला के साथ अभद्र व्यवहार बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस मामले को लेकर बहस भी छिड़ गई।
हालांकि वायरल वीडियो के बाद जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित महिला डांसर से संपर्क किया तो मामले ने नया मोड़ ले लिया। महिला डांसर चंदा ने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि मंच पर जो कुछ भी हुआ वह कार्यक्रम के दौरान हंसी-मजाक का हिस्सा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है और न ही वह इस मामले में किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना चाहती हैं।
वहीं इस पूरे मामले में गायक धनंजय शर्मा ने भी अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि मंच पर उनके साथ भी बदसलूकी हुई थी। उनके अनुसार, कुछ मॉडल और डांसर ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया था और इस दौरान उन्हें नाखून से चोट भी लगी।














