---Advertisement---

VIDEO: आवारा कुत्तों का खौफनाक हमला, महिला को नोंच-नोंचकर मार डाला; अर्धनग्न हालत में सड़क पर पड़ा मिला शव

On: March 16, 2026 8:15 PM
---Advertisement---

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले के चाकण इलाके में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था और शरीर पर गहरे जख्म व कटे-फटे निशान दिखाई दे रहे थे। ऐसी हालत देखकर आसपास के लोगों ने आशंका जताई कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हालांकि जांच आगे बढ़ने पर मामला पूरी तरह अलग निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल महिला की मौत किसी इंसानी हमले से नहीं बल्कि आवारा कुत्तों के झुंड के हमले से हुई थी।

CCTV फुटेज में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

पुलिस को आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में पूरी घटना दिखाई दी। फुटेज के मुताबिक सोमवार (16 मार्च) की रात करीब 2 बजे महिला अंबेटन चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर पैदल जा रही थी। इसी दौरान अचानक करीब छह आवारा कुत्तों का झुंड उस पर टूट पड़ा।

महिला ने खुद को बचाने के लिए सड़क से पत्थर उठाकर कुत्तों को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों के झुंड के सामने वह अकेली पड़ गई। कुत्तों ने उसके हाथ, पैर, चेहरा और गर्दन पर बुरी तरह काट लिया। लगातार हमले और ज्यादा खून बहने के कारण करीब 15 मिनट के अंदर ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मृतक महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे (33) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से डेगलूर (नांदेड़ जिला) की रहने वाली थीं और काम के सिलसिले में फिलहाल चाकण इलाके में रह रही थीं।

सुबह मिला अर्धनग्न शव, फैली दहशत

सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे महिला का अर्धनग्न शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। शरीर पर गंभीर जख्म और कपड़े अस्त-व्यस्त होने के कारण शुरुआत में हत्या या यौन उत्पीड़न की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन पुलिस जांच और CCTV फुटेज से साफ हो गया कि महिला की मौत आवारा कुत्तों के हमले से हुई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद चाकण इलाके में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यहां कुत्तों के झुंड अक्सर घूमते रहते हैं, जिससे राहगीरों को खतरा बना रहता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now