---Advertisement---

पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर इडी की बड़ी रेड,फिर से राजनीति गर्म

On: May 9, 2026 9:58 AM
---Advertisement---

पंजाब: पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ईडी की बड़ी छापामारी की खबर आ रही है। यह छापामारी चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 आवास समेत दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर शनिवार (09 मई, 2026) सुबह हुई। जहां भारी संख्या में सीआईएसएफ और एस एफ के जवानों को तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि करीब 20 वाहनों में पहुंची टीम ने लंबे समय तक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। ईडी की इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तरों और संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों समेत कुल पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। जांच एजेंसी को कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिलों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इनपुट मिले हैं।
ईडी की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन कारोबार से जुड़े फर्जी जीएसटी खरीद बिलों के जरिए अवैध तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा किया गया। आरोप है कि दिल्ली की कई गैर-मौजूद फर्मों के नाम पर फर्जी खरीद दिखाकर जीएसटी रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का लाभ लिया गया। जांच एजेंसी को संदेह है कि निर्यात के जरिए धन को दुबई से भारत वापस लाने का भी प्रयास किया गया, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर यह तीसरी जबकि एक महीने के भीतर दूसरी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले भी ईडी की टीम पंजाब में कई कारोबारी और राजनीतिक रूप से चर्चित चेहरों के ठिकानों पर छापामारी कर चुकी है। हाल ही में मोहाली स्थित वेस्टर्न टावर में दो बिल्डरों से जुड़े मामले में कार्रवाई हुई थी, जहां कथित तौर पर भारी मात्रा में नकदी मिलने के दावे चर्चा में रहे थे।

इसके अलावा इससे पहले राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी ईडी की कार्रवाई हुई थी। वहीं, एक अन्य कारोबारी के यहां भी रेड की गई थी, जो बाद में भाजपा में शामिल हो गए। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को लेकर विपक्ष और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गए हैं।

मुख्यमंत्री मान ने बीजेपी पर बोला हमला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘आज फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है। एक साल में तीसरी और एक महीने में दूसरी बार रेड हुई, लेकिन कुछ नहीं मिला। पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, इसे दबाया नहीं जा सकता।’ मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब भाजपा और ईडी के ‘अनैतिक गठजोड़’ का जवाब देगा।

दूसरी ओर शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में पिछले कुछ समय से सामने आ रहे मामलों से यह स्पष्ट हो रहा है कि राज्य में बड़े स्तर पर आर्थिक अनियमितताओं की जांच की जरूरत है। मजीठिया ने कहा कि जिन लोगों ने खुद को ईमानदार बताया, अब उन्हीं के करीबी लगातार जांच एजेंसियों के घेरे में आ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई कथित मनी ट्रेल, प्रॉपर्टी निवेश और कारोबारी लेनदेन से जुड़े कुछ इनपुट्स के आधार पर की गई। हालांकि, आधिकारिक तौर पर एजेंसी की ओर से अभी तक कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। उधर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है, जबकि भाजपा नेताओं का कहना है कि जांच एजेंसियां कानून के तहत अपना काम कर रही हैं। मामले को लेकर पंजाब की सियासत में आने वाले दिनों में और बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने भी बीजेपी पर साधा निशाना
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने वीडियो जारी कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर पंजाब सरकार और उसके मंत्रियों को निशाना बनाकर राजनीतिक साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का यह पुराना तरीका रहा है कि जिस भी राज्य में चुनाव होने होते हैं, वहां छह से आठ महीने पहले पुराने वीडियो और सीडी सामने लाकर माहौल खराब करने की कोशिश की जाती है। इसका मकसद विपक्षी दलों को बदनाम करना और चुनावी लाभ हासिल करना होता है।

हरपाल चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं और ऐसे हथकंडों से प्रभावित होने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में पूरा विश्वास है। इसी भरोसे के साथ सरकार न केवल अपने जनादेश की रक्षा करेगी, बल्कि देश के लोकतंत्र को भी मजबूत बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां दी हैं। आजादी की लड़ाई से लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तक पंजाब के लोगों का योगदान हमेशा अग्रणी रहा है। चीमा ने कहा कि भाजपा चाहे जितने भी राजनीतिक हमले कर ले, पंजाब की जनता हर साजिश का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now