---Advertisement---

महिला पुलिसकर्मी संग तस्वीर वायरल, गुमला के दो थाना प्रभारियों पर गिरी गाज

On: May 11, 2026 9:23 AM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

गुमला। महिला पुलिसकर्मी के साथ आपत्तिजनक और रोमांटिक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुमला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुमला सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली और सिसई अंचल इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को गुमला के एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक सहायक महिला पुलिसकर्मी के पति ने कुछ तस्वीरें साझा की थीं। तस्वीरों में महिला पुलिसकर्मी दो अलग-अलग पुलिस अधिकारियों के साथ बेहद करीबी स्थिति में नजर आ रही थी। फोटो पोस्ट करते हुए पति ने आरोप लगाया कि “मेरी पत्नी को थानेदार लेकर भाग गया।” हालांकि कुछ ही सेकेंड बाद पोस्ट को डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक किसी सदस्य ने उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था।

इसके बाद तस्वीरें तेजी से सोशल मीडिया और पुलिस महकमे में वायरल होने लगीं। मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी ने मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी मुख्यालय वीरेंद्र टोप्पो को सौंपा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि वायरल तस्वीरों में से एक फोटो करीब एक वर्ष पुरानी है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी पूर्व सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के साथ दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी तस्वीर हाल के दिनों की बताई जा रही है, जिसमें वर्तमान सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली महिला पुलिसकर्मी के साथ नजर आ रहे हैं।

महेंद्र करमाली वर्ष 2012 बैच के इंस्पेक्टर हैं और गुमला आने से पहले रांची के टाटीसिल्वे थाना में पदस्थापित थे। वहीं सुरेंद्र सिंह 1994 बैच के अधिकारी हैं। वायरल तस्वीरों के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now