झारखंड वार्ता डेस्क
नई दिल्ली : मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर देशभर के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
NTA की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठने के बाद यह फैसला लिया गया। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि 8 मई को ही मामले को जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया गया था। जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
https://x.com/i/status/2054089524347871736
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
पेपर लीक मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को हर जरूरी दस्तावेज और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराएगी।
छात्रों को नहीं देना होगा दोबारा शुल्क
NTA ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 सत्र में किये गये सभी रजिस्ट्रेशन, परीक्षा केंद्र और उम्मीदवारों की जानकारी आगामी पुनर्परीक्षा के लिए मान्य रहेगी। छात्रों को दोबारा आवेदन करने या अतिरिक्त शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
सोशल मीडिया अफवाहों से बचने की अपील
NTA ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें। परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक जानकारी केवल NTA की वेबसाइट और हेल्पलाइन के माध्यम से ही प्राप्त करें।
हेल्पलाइन : 011-40759000 / 011-69227700
ईमेल : neet-ug@nta.ac.in
https://x.com/NTA_Exams/status/2050986741092552739?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2050986741092552739%7Ctwgr%5E8cfb03bfebbb843827bf6435376050edc5fe01a6%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.prabhatkhabar.com%2Feducation%2Fexam-information%2Fneet-ug-2026-cancelled-amid-paper-leak-news-cbi-investigate
क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि परीक्षा के बाद पेपर लीक को लेकर कई राज्यों में शिकायतें सामने आई थीं। जांच के दौरान राजस्थान में NEET-UG से जुड़ा कथित “गेस पेपर” बरामद हुआ। राजस्थान एसओजी की जांच में कई छात्रों के मोबाइल फोन से करीब 410 सवालों वाला PDF मिला। दावा किया गया कि इनमें से बड़ी संख्या में सवाल परीक्षा में पूछे गये थे।
जांच एजेंसियों के अनुसार यह PDF परीक्षा से लगभग एक महीने पहले व्हाट्सएप के जरिये कुछ छात्रों तक पहुंच चुका था। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और देशभर में परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे।
22 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश और विदेश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। NTA के अनुसार देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,432 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। इस परीक्षा के लिए करीब 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 22 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे।
परीक्षा रद्द होने के बाद अब देशभर के छात्रों और अभिभावकों में चिंता और तनाव का माहौल है। हालांकि NTA ने भरोसा दिलाया है कि पुनर्परीक्षा पूरी पारदर्शिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जाएगी।













