---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन दिनों में 66 वाहन जब्त;सड़क पर लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त : उपेंद्र कुमार

On: May 13, 2026 9:50 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं / सड़क जाम को देखते हुए श्री बंशीधर नगर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीसरे दिन भी मंगलवार को थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर सड़क पर दौड़ रहे एक दर्जन से अधिक वाहनों को जब्त कर लिया गया। इनमें क्षमता से अधिक सवारी ढो रहे ऑटो, गलत साइड पार्किंग, मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइक और 3 बिना हेलमेट के मोटरसाइकिलें शामिल हैं। सभी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने पाया कि कई चालक नियमों को ताक पर रखकर वाहन चला रहे थे। कुछ ऑटो चालक निर्धारित संख्या से अधिक सवारी बैठाकर सड़क पर दौड़ रहे थे, एवं जहां तहां गाड़ी को खड़ा कर सड़क को जाम किए हुए थे, जबकि कई बाइक चालक बिना हेलमेट और जरूरी कागजात के वाहन चला रहे थे। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाली बुलेट बाइक भी पुलिस के निशाने पर रही।

अभियान के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई वाहन चालक दूर से पुलिस की जांच देखकर रास्ता बदलते नजर आए। पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर रुक-रुक कर वाहनों की जांच की और नियम तोड़ने वालों को सख्त हिदायत दी।

सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : उपेंद्र कुमार

इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। जांच में यह सामने आया है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, बिना हेलमेट बाइक चलाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना हादसों का मुख्य कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस पहले लोगों को जागरूक कर रही थी, लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब सख्त कार्रवाई करना जरूरी हो गया है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करना चाहिए तथा नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकना चाहिए। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि कई टेंपो चालक बार-बार मना करने के बावजूद सड़क पर कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।

तीन दिनों में 66 वाहन जब्त

पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान का असर अब सड़क पर दिखने लगा है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पिछले तीन दिनों के दौरान चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान में अब तक कुल 66 वाहनों को जब्त कर चालान की कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now