---Advertisement---

गिरिडीह: डीसी और एसपी ने भारी संख्या में अफसरों,जवानों के साथ मोहनपुर सेंट्रल जेल के चप्पे चप्पे की ली तलाशी

On: May 24, 2026 7:04 PM
---Advertisement---

सीसीटीवी कैमरों की जांच, सुरक्षा और व्यवस्था का लिया जायजा

गिरिडीह: जिले के उपायुक्त और एसएसपी ने तकरीबन 45 अफसरों और डेढ़ सौ जवानों के साथ मोहनपुर स्थित सेंट्रल जेल में छापामारी की है। इस छापामारी के दौरान जेल के हर ब्लॉक और वार्ड की बारीकी से जांच की गई। अचानक इतनी बड़ी छापामारी से जेल में हड़कंप मच गया।

डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ बिमल कुमार खुद पूरी कार्रवाई की नेतृत्व कर रहे थे।टीम ने पुरुष बंदियों के पांचों ब्लॉक के 20 वार्डों को खंगाला। महिला वार्ड में महिला अधिकारियों और महिला जवानों ने तलाशी ली।

जेल पहुंचते ही अधिकारियों ने अलग-अलग टीम बना दी। इसके बाद जवान और अधिकारी एक-एक कर हर वार्ड में दाखिल हुए। बंदियों के सामान की जांच की गई। वार्ड के अंदर की व्यवस्था देखी गई और सुरक्षा से जुड़े हर पहलू पर नजर रखी गई। तलाशी के दौरान जेल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल भी रहा। बंदियों के बीच यह चर्चा होती रही कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और अधिकारी क्यों पहुंचे हैं।

छापेमारी सिर्फ वार्डों तक सीमित नहीं रही। डीसी और एसपी ने जेल की पूरी सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की। अधिकारियों ने यह देखा कि संतरी कहां तैनात रहते हैं और उनकी ड्यूटी कैसे बांटी जाती है। बंदियों से मुलाकात का नियम क्या है और उसकी निगरानी किस तरह होती है, इसकी भी जानकारी ली गई। इसके अलावा जेल में पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची गई। कई जगहों पर अधिकारियों ने जेल प्रबंधन को जरूरी निर्देश दिए।

अधिकारियों ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी देखा। कौन सा कैमरा काम कर रहा है और कहां निगरानी कमजोर है, इसकी जानकारी ली गई। जेल अधीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने को कहा गया।

एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि केंद्रीय कारा का औचक निरीक्षण किया गया है। करीब दो घंटे तक वार्ड और ब्लॉक की जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया है।

इस कार्रवाई में एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, दंडाधिकारी बिनोद सिंह, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, बीडीओ गणेश रजक और सीओ जितेंद्र प्रसाद भी मौजूद थे। इसके अलावा मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार समेत ताराटांड़, गांडेय और अहिल्यापुर थाना की पुलिस टीम भी छापेमारी में शामिल रही।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now